हरदोई जिले के माधौगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 68 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान राज नारायण कुशवाहा निवासी इस्लामपुर जगाई गांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने भाई के बच्चों को स्कूल से लेने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।
घटना मटियामऊ-माधौगंज मार्ग पर भैसीमऊ गांव के सामने हुई, जहां माधौगंज की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राज नारायण गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। वहीं चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस अब फरार चालक की तलाश में जुट गई है और आसपास के क्षेत्रों में उसकी खोजबीन की जा रही है।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी विजय कुमार मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों से तहरीर मिलने के बाद अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस हादसे के कारणों की जांच भी कर रही है, ताकि दोषी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।


