यूथ इंडिया एक्सक्लूसिव रिपोर्ट यूपी में ड्राइविंग लाइसेंस को लेकर बड़ा बदलाव

0
26

– तीन नई कंपनियों को मिली जिम्मेदारी, हर कंपनी को सौंपे गए 25 जिले

लखनऊ/यूथ इंडिया ब्यूरो
उत्तर प्रदेश में लंबे समय से लंबित पड़े स्मार्ट ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) मुद्दे पर आखिरकार बड़ा फैसला हो गया है। परिवहन विभाग ने डीएल तैयार करने की जिम्मेदारी अब तीन नई कंपनियों को सौंप दी है। खास बात यह है कि इन तीनों कंपनियों को 25-25 जिले आवंटित किए गए हैं, ताकि पूरे प्रदेश में लंबित लाइसेंसों की समस्या को तेजी से दूर किया जा सके।
पिछले कुछ वर्षों में हजारों आवेदकों को डीएल समय पर न मिलने से व्यवस्था पर लगातार सवाल उठते रहे। 2019 में यह जिम्मेदारी स्मार्ट चिप कंपनी को पांच वर्ष के लिए दी गई थी, लेकिन चिप की कमी, तकनीकी गड़बड़ियों और रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण आपूर्ति बाधित होने से डीएल महीनों तक लंबित पड़े रहे। एक समय 2023 में लंबित लाइसेंसों की संख्या तीन लाख तक पहुंच गई थी।

प्रदेश में प्रतिदिन करीब 10 हजार लोग ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन करते हैं, लेकिन कंपनी की कमजोर डिलीवरी के बावजूद नई कंपनी का चयन नहीं हो पा रहा था। फरवरी 2024 से कंपनी की अवधि तीन-तीन महीने बढ़ती रही, जिससे आवेदकों की परेशानियां भी बढ़ती गईं।
आखिरकार, छह महीने पहले जारी टेंडर में 15 से अधिक कंपनियों के आवेदन आने के बाद सरकार ने एक बड़ी रणनीतिक शुरुआत करते हुए किसी एक कंपनी के बजाय तीन कंपनियों, रोजमार्टा, फोकाम नेट, और सिल्वर टच इंडिया लिमिटेड, को जिम्मेदारी बांट दी है।
परिवहन आयुक्त किंजल सिंह ने बताया कि 1 दिसंबर से तीनों कंपनियां काम शुरू कर देंगी। सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं और मौजूदा निजी स्टाफ भी अधिकारियों की स्वीकृति के बाद उनके साथ कार्य करेगा।
रोजमार्टा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड को पूर्वांचल से लेकर वेस्ट यूपी तक 25 जिले जिनमे वाराणसी, वाराणसी विस्तार, चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, देवरिया, महराजगंज, कुशीनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, मीरजापुर, भदोही, सोनभद्र, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, हापुड़, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, सहारनपुर, शामली हैँ।
सिल्वर टच टेक्नोलॉजीज लिमिटेड को लखनऊ मंडल सहित तराई और पश्चिम के 25 जिले जिनमे हरदोई, लखीमपुर-खीरी, लखनऊ, ट्रांसगोमती देवा रोड, रायबरेली, सीतापुर, उन्नाव, गोंडा, श्रावस्ती, बलरामपुर, बहराइच, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, सुलतानपुर, अम्बेडकर नगर, बिजनौर, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मिले हैं।
फोकाम नेट प्राइवेट लिमिटेड को बुंदेलखंड, कानपुर और प्रयागराज मंडल के 25 जिले जिनमे आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, मथुरा, अलीगढ़, इटावा, कासगंज, एटा, बांदा, चित्रकूट, हाथरस, हमीरपुर, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कन्नौज, फर्रुखाबाद, औरैया, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, कौशांबी शामिल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here