भागलपुर: बिहार (Bihar) के भागलपुर (Bhagalpur) जिले में मंगलवार को कई वाहनों की टक्कर में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यह घटना खारिक पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत बागड़ी पुल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर हुई, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक पिकअप वैन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप वैन अनियंत्रित हो गई और विपरीत दिशा से आ रही एक ई-रिक्शा से टकरा गई। इस सिलसिलेवार टक्कर में पास खड़ी एक बस भी क्षतिग्रस्त हो गई।
जिला प्रशासन ने अभी तक चार मौतों की पुष्टि की है, लेकिन सूत्रों का दावा है कि मरने वालों की संख्या इससे अधिक हो सकती है। दुर्घटना में आठ से नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेजा गया है। मृतकों में से तीन कटिहार के समेली और एक खगड़िया के मानसी के निवासी बताए जा रहे हैं। अन्य दो की पहचान की जा रही है। मृतकों में एक महिला, एक बच्चा और चार मजदूर शामिल हैं। ये सभी ईंट भट्ठे में काम करके लौट रहे थे तभी यह हादसा हुआ।
नवगछिया के पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने बताया कि यह हादसा झंडापुर थाना क्षेत्र में बागड़ी पुल के पास हुआ। चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से 15 अन्य घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर है और उन्हें मायागंज अस्पताल भेजा गया है। नवगछिया के पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने कहा, सभी को समय पर अस्पताल ले जाया गया। घायलों को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों ने अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। 12 से 15 लोग घायल हैं। मामूली रूप से घायल लोगों का इलाज उपमंडल अस्पताल में चल रहा है।


