कंपिल (फर्रुखाबाद)। कंपिल क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई। स्कूल जा रहे बच्चे को अनियंत्रित ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ई-रिक्शा कुछ दूरी आगे जाकर पलट गया, जिससे उसमें बैठी सवारियां भी चोटिल हो गईं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव राईपुर चिनहटपुर निवासी तेज सिंह यादव का पांच वर्षीय पुत्र अर्जुन गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक का छात्र था। शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे वह अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकला था।
बताया जाता है कि जब अर्जुन कंपिल-अटैना मार्ग पर पहुंचा, तभी कंपिल की ओर से तेज गति से आ रहा एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर उससे टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मासूम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद ई-रिक्शा भी अनियंत्रित होकर कुछ दूरी आगे जाकर पलट गया, जिससे उसमें बैठी सवारियां भी घायल हो गईं।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और ई-रिक्शा चालक को वाहन सहित पकड़ लिया। चालक पड़ोसी गांव का निवासी बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी।
उधर परिजन घायल मासूम अर्जुन को आनन-फानन में उपचार के लिए सीएचसी कायमगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बताया गया है कि अर्जुन चार भाइयों अनुज, मोदी और भूमिपाल में सबसे छोटा था। बेटे की मौत से मां पूजा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही ई-रिक्शा चालक और वाहन को कब्जे में लेकर थाने ले जाया गया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी नितिन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


