कानपुर। पनकी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित निर्माणाधीन आयल सीड्स फैक्ट्री में गुरुवार सुबह चार मजदूर मृत पाए गए। आशंका है कि कमरे में तसले में जल रहे केमिकल युक्त कोयले के धुएं से ऑक्सीजन की कमी हुई और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया।
सुबह करीब सात बजे गार्ड अजय ने मजदूरों के कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इस पर उसने इंचार्ज अरुण को सूचना दी। अरुण का भाई भी वहीं काम करता था। वह मौके पर पहुंचा और आवाज देने के बाद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर चारों मजदूरों के शव मिले और पास ही तसले में कोयला जल रहा था।
पुलिस को सूचना देकर चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतकों की पहचान देवरिया जिले के तरकुलवा के तौकलपुर निवासी अमित वर्मा (32), राहुल सिंह (23), संजू सिंह (22) और दाऊद अंसारी (28) के रूप में हुई। सभी फेब्रिकेटर का काम कर रहे थे। मृतक अमित का भाई अरुण फैक्ट्री से लगभग 500 मीटर दूर किराए के कमरे में रहता है, जबकि गांव के ही नागेंद्र और उसका साथी घटना स्थल के बगल वाले कमरे में रहते थे।
गोविंदनगर निवासी वरुण कटारिया की इस फैक्ट्री का निर्माण कार्य इंदौर की आदित्य इंटरप्राइजेज कंपनी कर रही है। यह कोयला फैक्ट्री के बॉयलर टेस्टिंग के लिए लाया गया था। पुलिस कमिश्नर और एसीएम-7 ने भी घटना स्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। एडीसीपी पश्चिम कपिल देव सिंह ने बताया कि चारों मजदूरों की मौत दम घुटने से हुई प्रतीत हो रही है। जांच जारी है।





