– सांसद रमेश अवस्थी ने निभाया वादा, कानपुर को दिलाई बड़ी सौगात
कानपुर (प्रशांत कटियार )
कानपुर: कानपुर महानगर (Kanpur metropolis) के लिए बहुप्रतीक्षित एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना को आखिरकार केंद्र सरकार की मंजूरी मिल गई है। सांसद रमेश अवस्थी ने जिस विकास कार्य का वादा किया था, उसे अब धरातल पर उतारने की दिशा में बड़ा कदम उठ गया है। मंगलवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश के कानपुर ज़िले में पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर रमादेवी (Ramadevi) से गोल चौराहा तक 4-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण के लिए 988.30 करोड़ रूपये की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
करीब 10.160 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट का उद्देश्य शहर के सबसे व्यस्त मार्ग पर लगने वाले जाम से राहत दिलाना है। पुराने एनएच-91 मार्ग पर वर्तमान में 16 रेलवे क्रॉसिंग पड़ती हैं, जिनके कारण प्रतिदिन घंटों लंबा ट्रैफिक जाम लगता है। एलिवेटेड कॉरिडोर बनने के बाद वाहनों को ऊपर से निर्बाध आवाजाही मिलेगी, जिससे प्रमुख शहरी चौराहों और रेलवे क्रॉसिंग पर रुकावट काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
यह परियोजना न केवल कानपुर शहर के भीतर यातायात को सुगम बनाएगी, बल्कि औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को भी गति देगी। जाम कम होने से ईंधन की बचत होगी, प्रदूषण घटेगा और यात्रियों के समय की भी बड़ी बचत होगी। साथ ही सड़क सुरक्षा के लिहाज से भी यह परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सांसद रमेश अवस्थी ने लंबे समय से इस परियोजना को लेकर लगातार प्रयास किए। संसद से लेकर मंत्रालय स्तर तक उन्होंने इस मार्ग की समस्या को प्रमुखता से उठाया। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने एलिवेटेड कॉरिडोर की मांग को मजबूती से रखा। अब केंद्र सरकार की स्वीकृति मिलने के बाद शहरवासियों में खुशी की लहर है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण से कानपुर के ट्रैफिक ढांचे में ऐतिहासिक बदलाव आएगा। रमादेवी से गोल चौराहा तक का यह मार्ग शहर की जीवनरेखा माना जाता है, जहां रोज़ाना हजारों वाहन गुजरते हैं। परियोजना पूरी होने के बाद कानपुर को जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
कुल मिलाकर कहा जाए तो सांसद रमेश अवस्थी ने जो कहा, वह कर दिखाया। विकास के इस बड़े फैसले से यह स्पष्ट है कि कानपुर के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। शहर के लोग अब इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शीघ्र निर्माण और समयबद्ध क्रियान्वयन की उम्मीद लगाए बैठे हैं।


