चार दोस्तों की एक बाइक पर मौत की सवारी

0
233

प्रयागराज। शहर के शिवकुटी इलाके में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। कटरा की प्रसिद्ध रावण शोभायात्रा देखकर लौट रहे ये सभी दोस्त एक ही बाइक पर सवार थे। रात करीब एक बजे केंद्रीय विद्यालय तेलियरगंज के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद किसी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें कुचल दिया।

हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान मऊआइमा थाना क्षेत्र के बशहरा निवासी आशुतोष गौतम (22), तेलियरगंज निवासी आदर्श (15), अंबेडकर पार्क निवासी शनि गौतम (16) और कार्तिकेय (20) के रूप में हुई है।

हादसे की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक की रफ्तार बहुत तेज थी और हेलमेट भी नहीं पहना गया था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चारों की जान नहीं बच सकी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here