फर्रुखाबाद। जिले के अमृतपुर तहसील क्षेत्र के दो युवक समेत कुल तीन एमबीए छात्र शुक्रवार दोपहर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। तीनों छात्र नोएडा स्थित आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में एमबीए की पढ़ाई कर रहे थे और थाना बिसरख क्षेत्र के आम्रपाली ड्रीम वैली-2 सोसाइटी में किराये के फ्लैट में रह रहे थे। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया है और सभी परिजन तत्काल नोएडा के लिए रवाना हो गए हैं।
लापता छात्रों में उत्कर्ष सिंह (23) पुत्र उदयवीर सिंह निवासी ग्राम झंडी की मड़ैया, थाना अमृतपुर, जनपद फर्रुखाबाद, अंकुर (25) पुत्र अज्ञात निवासी ग्राम तुसौर, थाना राजेपुर, जनपद फर्रुखाबाद तथा तीसरा युवक अंकुर निवासी जनपद अयोध्या शामिल हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर तीनों युवक अपने फ्लैट से एक निजी कार लेकर निकले थे, जिसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं लग सका है।
परिजनों के अनुसार, दोपहर के बाद से तीनों के मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं और लगातार संपर्क करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद जब कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजनों ने नोएडा में रहने वाले परिचितों से संपर्क किया और बाद में स्वयं मौके के लिए रवाना हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना बिसरख पुलिस को मामले की जानकारी दी गई है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि आखिरी बार तीनों युवकों को सोसाइटी से कार में निकलते हुए देखा गया है, जिसके आधार पर उनकी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द युवकों का पता लगाने की गुहार लगाई है।
नोएडा से तीन एमबीए छात्र रहस्यमय ढंग से लापता, परिजनों में मचा हड़कंप


