फर्रुखाबाद। थाना कादरीगेट क्षेत्र के अंतर्गत विकास नगर वढ़पुर के पीछे स्थित खेड़ा ताल में बीती रात अज्ञात व्यक्ति द्वारा जहरीला पदार्थ डालने का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार सातनपुर नगला निवासी अवलोक यादव पिछले लगभग एक वर्ष से उक्त तालाब में मछली पालन का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने रात के समय तालाब में जहरीली दवा डाल दी, जिससे उनकी करीब तीन कुंतल मछलियां मर गईं। मृत मछलियों के तालाब की सतह पर तैरते मिलने से घटना का पता चला।
पीड़ित के अनुसार इस घटना से उन्हें लगभग 60 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि सुबह तालाब पर पहुंचने पर बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां देखकर उनके होश उड़ गए। आसपास के लोगों ने भी दुर्गंध और पानी के रंग में बदलाव की जानकारी दी है।
अवलोक यादव ने बताया कि वह फिलहाल पूरे मामले की जानकारी जुटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच-पड़ताल के बाद संबंधित उच्च अधिकारियों से शिकायत कर उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसे कृत्य दोबारा भी हो सकते हैं। घटना से मछली पालकों में रोष व्याप्त है और वे प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
खेड़ा ताल में जहरीली दवा डालने से तीन कुंतल मछलियां मरीं, मछली पालक को 60 हजार का नुकसान


