➤ दीवार और टिनशेड गिरने से दर्दनाक हादसा
➤ दो बच्चों और एक महिला की गई जान
➤ सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए त्वरित राहत के निर्देश
लखनऊ/मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद में हुए एक दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब एक मकान की दीवार के साथ लगा टिनशेड अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से दो मासूम बच्चों और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत कार्य में तेजी लाई जाए और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि घायलों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है कि आखिरकार दीवार और टिनशेड गिरने की वजह क्या रही।
(यूथ इंडिया ब्यूरो)


