एटा: अलीगंज विधानसभा (Aliganj Assembly Constituency) क्षेत्र में सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। क्षेत्र में सड़कों के नवीनीकरण और मरम्मत कार्य के लिए शासन द्वारा कुल 276.99 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। क्षेत्रीय विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि लंबे समय से लंबित सड़कों की मांग को देखते हुए यह धनराशि जारी कराई गई है और टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
विधायक ने बताया कि 243.99 लाख रुपये की लागत से विधानसभा क्षेत्र की चार प्रमुख सड़कों का नवीनीकरण कराया जाएगा। इनमें धूमरी–सरौठ–अलीगंज–संकिसा मार्ग, एटा–अलीगंज मार्ग (धरौली मार्ग से अलीगंज–कुरावली मार्ग वाया अहिरई), अलीगंज–सोरों मार्ग (राजा रामपुर वाया सिकंदरपुर–सलवान मार्ग) तथा अलीगंज–कायमगंज मार्ग (गढ़िया जगन्नाथ वाया विल्सड़ मार्ग) शामिल हैं। इन सड़कों की हालत काफी समय से खराब थी, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इसके अलावा 33 लाख रुपये की लागत से विकासखंड अलीगंज और जैथरा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण मार्गों, अन्य जिला मार्गों, प्रमुख जिला मार्गों और राज्य मार्गों पर पेंच मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। इससे ग्रामीण इलाकों की संपर्क सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा और किसानों, छात्रों व आम जनता को आवागमन में राहत मिलेगी।
विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के चौड़ीकरण और नवीनीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया था, जिसके बाद शासन स्तर पर स्वीकृति मिली। उन्होंने कहा कि सड़कों के बेहतर होने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत होने पर खुशी जताई है और जल्द कार्य शुरू होने की उम्मीद व्यक्त की है।


