बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम म्योरा में छप्पर के बंगलें में मिला शव, फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की
हरदोई।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम म्योरा में देर रात 22 वर्षीय युवक विनीत यादव की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत हो गई। मृतक का शव गांव के बाहर छप्पर के बंगलें में पड़ा हुआ मिला।
घटना स्थल पर मृतक के सिर पर गोली लगने का निशान देखा गया, वहीं पास से एक बीयर की कैन भी बरामद हुई। सूचना मिलते ही तीनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिया। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने स्थल पर पहुंचकर गहन जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह मामला हत्या की शक के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस हत्या के कारणों और घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान के लिए प्रयासरत है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विनीत यादव का किसी से विवाद नहीं था, इसलिए मामले ने पूरे गांव में सनसनी मचा दी है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई कर रही है।





