मुरादाबाद। जिले के डिलारी क्षेत्र में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। आरटीओ की चेकिंग से बचने के लिए तेज रफ्तार में दौड़ाई गई ईंटों से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर बराबर में चल रहे ई-रिक्शा पर पलट गई, जिससे दो लोगों की मौके पर मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
घटना रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है। जानकारी के अनुसार, एक ई-रिक्शा में छह लोग ठाकुरद्वारा से करनपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही ई-रिक्शा अलियाबाग गांव के पास पहुंचा, पीछे से एक ट्रैक्टर ट्रॉली तेज गति से आ रही थी। बताया गया कि अलियाबाग में आरटीओ टीम चेकिंग कर रही थी, जिससे बचने के प्रयास में चालक ने ट्रैक्टर की रफ्तार और बढ़ा दी। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा के बराबर में पलट गया और पूरा भार ईंटों का रिक्शा पर जा गिरा।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह ईंटों को हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दो लोगों की सांसें थम चुकी थीं। चार अन्य गंभीर रूप से घायल पाए गए, जिन्हें तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूचना पर पहुंची डिलारी थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि मृतकों की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस टीम उनकी पहचान कराने के प्रयास में जुटी हुई है। वहीं, फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर लिया है और घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आरटीओ चेकिंग के दौरान वाहनों को रोकने के तरीके में सुधार जरूरी है ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।






