नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। संयुक्त कार्रवाई में दिल्ली पुलिस और मुंबई पुलिस की टीमों ने अहम भूमिका निभाई।
सूत्रों के अनुसार, इन दोनों संदिग्धों के तार आतंकी संगठन जैश -ए -मोहम्मद से जुड़े होने का इनपुट मिला था। खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षा एजेंसियां पहले से अलर्ट पर थीं और लगातार इनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
बताया जा रहा है कि संदिग्ध राजधानी दिल्ली में बड़े ब्लास्ट की योजना बना रहे थे। समय रहते कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इनके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं और इनके पास से क्या-क्या सामग्री बरामद हुई है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर जांच तेज कर दी गई है और कई अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद दिल्ली समेत देश के कई बड़े शहरों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। प्रमुख स्थानों, बाजारों और सार्वजनिक जगहों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।


