तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में सबसे गंभीर हालात, तापमान में भारी गिरावट की चेतावनी
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने देश के 16 राज्यों में घने कोहरे और शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार दक्षिण भारत के तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में सबसे गंभीर शीतलहर की चेतावनी दी गई है, जहां अगले 24 से 36 घंटे तक हालात बने रह सकते हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। विभाग ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा तथा पूर्वोत्तर राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। सुबह और रात के समय दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना जताई गई है।
इसी बीच पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में ठंड और तेज होने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक यहां तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर सकता है, जिससे शीतलहर का असर और बढ़ेगा।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है, वहीं ठंड के चलते बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी गई है।






