स्थानीय निकाय निदेशालय ने शुरू की प्रक्रिया
लखनऊ| नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों में अधिशासी अधिकारियों (ईओ) के लंबे समय से खाली चल रहे पदों को अब प्रतिनियुक्ति के आधार पर भरा जाएगा। स्थानीय निकाय निदेशालय ने इसके लिए प्रक्रिया तेज कर दी है। निदेशालय ने अधिशासी अधिकारी श्रेणी-1 के 8, श्रेणी-2 के 4, श्रेणी-3 के 4 और नगर पंचायत स्तर के 138 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। इस प्रकार पहले चरण में कुल 154 पदों पर तैनाती की जानी है। आवेदन की अंतिम तिथि 10 अक्तूबर तय की गई थी।
प्रदेश में 200 नगर पालिका परिषद और 545 नगर पंचायतें हैं, जिनमें वर्षों से ईओ के कई पद रिक्त चल रहे हैं। स्थायी भर्ती के लिए नगर विकास विभाग पहले ही प्रस्ताव उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को भेज चुका है, लेकिन आयोग स्तर पर चयन प्रक्रिया शुरू न होने से अधिकांश नगर निकायों में एक अधिशासी अधिकारी दो से तीन निकायों का प्रभार संभालने को मजबूर है। इसी विलंब को देखते हुए विभाग ने अब अस्थायी रूप से प्रतिनियुक्ति के आधार पर पदों को भरने का निर्णय लिया है, हालांकि इससे पहले भी प्रतिनियुक्ति पर हुई नियुक्तियां विवादों में रही हैं।
निर्देशानुसार प्रतिनियुक्ति के लिए विभिन्न विभागों के समकक्ष अधिकारियों से आवेदन मांगे गए थे। आवेदन परीक्षण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी, जिसके बाद योग्य अभ्यर्थियों को रिक्त पदों पर तैनात किया जाएगा। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि उत्तर प्रदेश पालिका सेवा में कार्यरत कार्मिक प्रतिनियुक्ति के लिए पात्र नहीं होंगे। इसके अलावा पहले प्रतिनियुक्ति पर कार्य कर चुके अधिकारियों को भी इस प्रक्रिया से बाहर रखा गया है।





