सुबह आपूर्ति बहाल होने पर मिली राहत

कायमगंज| सिवारा बिजली उपकेंद्र से जुड़े गांवों में सोमवार रात अचानक बिजली गुल हो जाने से जनजीवन प्रभावित हो गया। मुख्य लाइन में तकनीकी फाल्ट आने के कारण लगभग 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही, जिससे सिवारा सहित उससे जुड़े कई गांव पूरी रात अंधेरे में डूबे रहे। भीषण सर्दी के बीच बिजली न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों के अनुसार सोमवार रात बिजली अचानक चली गई। देर रात तक आपूर्ति बहाल न होने पर लोग परेशान रहे। घरों में अंधेरा छाया रहा, मोबाइल चार्ज नहीं हो सके और ठंड से बचाव के साधन भी बेकार हो गए। कई ग्रामीणों ने बताया कि रातभर बिजली आने की उम्मीद में जागते रहे, लेकिन सुबह तक अंधेरा बना रहा।
इस संबंध में सिवारा बिजली उपकेंद्र के एसएसओ उदयपाल सिंह ने बताया कि मुख्य लाइन में फाल्ट आ जाने के कारण लाइन ब्रेकडाउन हो गई थी। तकनीकी खराबी के चलते सिवारा बिजली घर को विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही थी, जिससे क्षेत्र के सभी गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
उन्होंने बताया कि यह फाल्ट नरैनामऊ के पास मुख्य लाइन में हुआ था। फाल्ट की जानकारी मिलते ही विभागीय कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया और मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। कड़ी मशक्कत के बाद फाल्ट को दुरुस्त किया गया, जिसके बाद मंगलवार सुबह बिजली आपूर्ति सामान्य हो सकी।
करीब 12 घंटे बाद बिजली बहाल होने पर ग्रामीणों ने राहत महसूस की। हालांकि लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बार-बार लाइन फाल्ट की समस्या सामने आ रही है, जिससे उन्हें बार-बार बिजली संकट झेलना पड़ता है। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि जर्जर लाइनों को दुरुस्त कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी से बचा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here