शाहजहांपुर। जनपद के 11 युवाओं ने हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित तीन दिवसीय सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लेकर सड़क सुरक्षा मित्र के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त किया। यह प्रशिक्षण 16 से 18 मार्च तक आयोजित हुआ, जिसमें प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार तथा माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को सड़क सुरक्षा में भूमिका व जिम्मेदारियां, जनजागरूकता, प्राथमिक उपचार, दुर्घटना के समय त्वरित सहायता, यातायात नियमों का पालन, राजमार्ग एंबुलेंस व गश्ती, संजया व ई-डार ऐप के उपयोग समेत दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान और रात्रि सड़क परीक्षण की जानकारी दी गई।प्रशिक्षण में शामिल शैलेन्द्र सिंह, दिव्यांशी, शगुन सक्सेना, रुद्र प्रताप, मो. अमन, नीतिश, अनिकेत, सूरज, विनय प्रताप, अमित श्रीवास्तव व आकांक्षा ने तकनीकी सड़क परीक्षण (रोड ऑडिट) का विशेष प्रशिक्षण भी प्राप्त किया। मुख्य प्रशिक्षकों में आईआईटी मद्रास के कर्नल संजीव शर्मा, ऋतुराज पटेल, पंकज मेहरा व रंजीत चौधरी शामिल रहे। इसके अलावा फरीदाबाद के यातायात प्रभारी व ‘हेलमेट मैन ऑफ इंडिया’ ने भी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
समापन अवसर पर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि युवा सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं और समाज में जागरूकता फैलाना उनकी जिम्मेदारी है। इस दौरान अपर सचिव महमूद अहमद व निदेशक आर.पी. शुक्ला भी मौजूद रहे। जिला युवा अधिकारी माय भारत, शाहजहांपुर के मयंक भदौरिया ने कहा कि जनपद के युवाओं का राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण में शामिल होना गर्व की बात है। सभी प्रशिक्षित युवा अब जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाएंगे और दुर्घटनाओं को कम करने में सहयोग करेंगे।


