फर्रुखाबाद: जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने 11 चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स (black spots) की विस्तृत जांच (investigated) के लिए 5 सदस्यीय समिति का गठन किया है। यह समिति चार दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
यातायात विभाग, फर्रुखाबाद से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सितंबर 2025 तक जिले में चिन्हित 11 ब्लैक स्पॉट्स पर कुल 29 सड़क दुर्घटनाएँ हुई हैं, जिनमें 16 लोगों की मौत और 25 लोग घायल हुए हैं। इन ब्लैक स्पॉट्स में चाचूपुर मोड़, जमापुर मोड़, निबिया चौराहा, जैतपुर, सकवई, रोहिला चौराहा, बृहमहत्त स्मारक, मसेनी चौराहा, महरूपुर सहजू मोड़, जसमई तिराहा और दमदमा मोड़ शामिल हैं।
जांच के लिए गठित समिति में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) फर्रुखाबाद, क्षेत्राधिकारी (यातायात), साइट इंजीनियर NHAI, अधिशासी अभियंता (प्रान्तीय एवं निर्माण खण्ड) लोकनिर्माण विभाग फर्रुखाबाद सहित अन्य अधिकारी शामिल किए गए हैं।
समिति इन 11 ब्लैक स्पॉट्स पर पहले से किए गए अल्पकालीन और दीर्घकालीन सुधारात्मक कार्यों की समीक्षा करेगी। साथ ही भविष्य में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदमों की विस्तृत आख्या भी जिलाधिकारी को सौंपेगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़क सुरक्षा से जुड़ी कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिन स्थानों पर सुधार कार्य अधूरे हैं, उन्हें तत्काल पूर्ण कराया जाए।


