36.3 C
Lucknow
Tuesday, March 10, 2026

श्री श्याम फागुन महोत्सव के जरिए होगा नई ऊर्जा का संचार

Must read

फर्रुखाबाद। श्री श्याम आस्था परिवार के तत्वावधान में आगामी 11 मार्च को भव्य श्री श्याम फागुन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम नगर स्थित क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के विशाल खेल मैदान में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, जिन्हें अंतिम रूप दिया जा रहा है।
यह जानकारी संस्था के पदाधिकारियों ने एक तैयारी बैठक के दौरान दी। उन्होंने बताया कि फागुन माह के उपरांत ही सनातन नववर्ष का शुभारंभ होता है। ऐसे पावन अवसर पर आयोजित होने वाला यह महोत्सव श्रद्धालुओं के जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करेगा। संतों के सान्निध्य और भक्ति भाव से ओतप्रोत भजनों की स्वर लहरियां वातावरण को भक्तिमय बनाकर लोगों में आध्यात्मिक जागृति उत्पन्न करेंगी।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में मनोना धाम जीवन धाम के महंत ओमेंद्र जी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और उनके सान्निध्य एवं आशीर्वाद में यह आयोजन संपन्न होगा। महोत्सव में देश के प्रसिद्ध भजन गायकों की प्रस्तुति भी श्रद्धालुओं को सुनने को मिलेगी।
भजन संध्या में बरसाना की सुप्रसिद्ध भजन गायिका पूनम दीदी अपनी मधुर वाणी से भजनों की प्रस्तुति देंगी। इसके साथ ही हरियाणा से युवा भजन गायक अभिनव ऐरन, जिन्हें श्रद्धालु ‘जूनियर कन्हैया मित्तल’ के नाम से भी जानते हैं, अपनी भक्तिमय प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगे।
बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने नगर एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी सहित युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष श्याम सुंदर गुप्ता, अंकित गुप्ता, अंकुर गुप्ता, अतुल दीक्षित, अंकित अग्रवाल, नवनीत कनौजिया, अमित रस्तोगी, संजय सक्सेना, अजय परमार, अनूप चौरसिया, लखन गुप्ता, अरविंद गुप्ता, पंकज अग्रवाल समेत अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article