फर्रुखाबाद। जनपद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में बीती रात पुलिस और एक शातिर लुटेरे के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, वहीं घायल दोनों को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के अनुसार, लूट के एक मामले में कासगंज जनपद के पटियाली थाना क्षेत्र निवासी आरोपी कुलदीप को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। पूछताछ के दौरान पुलिस उसे लूटे गए कुंडलों की बरामदगी के लिए मौके पर लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने पहले से छिपाकर रखा 315 बोर का तमंचा निकाल लिया और भागने की कोशिश में पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
इस अचानक हमले में दीवान धर्मेंद्र तिवारी के हाथ में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी कुलदीप के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही काबू में आ गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटे गए कुंडल भी बरामद कर लिए।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। घायल सिपाही और आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पूर्व में हुई थी लूट की वारदात
जानकारी के मुताबिक, बीते 14 मार्च को अमृतपुर थाना क्षेत्र के करनपुर निवासी राम राजपूत अपनी बहन मंजू के साथ बाइक से एटा जनपद जा रहे थे। रास्ते में ढमढ़ेरा और बिराहिमपुर गांव के बीच दो बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर मंजू के कानों से कुंडल छीन लिए थे।
घटना के बाद पीड़िता के शोर मचाने पर पीछे आ रहे एक वाहन चालक ने बदमाशों का पीछा किया। घबराकर भाग रहे आरोपी अनियंत्रित होकर गिर पड़े, जिससे एक बदमाश को मौके पर ही पकड़ लिया गया था, जबकि उसका साथी फरार हो गया था। इसी मामले में पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी थी, जिसके बाद यह मुठभेड़ सामने आई।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है।
कायमगंज में पुलिस-लुटेरे के बीच मुठभेड़, आरोपी व सिपाही घायल, लूट के कुंडल बरामद


