– भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन की कार्रवाई, सड़क किनारे अवैध कब्जे हटाए गए
फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को कमालगंज तिराहे के पास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर नगर क्षेत्र में बुल्डोजर चलाकर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों के जरिए सड़क किनारे बनी अस्थायी दुकानों और अवैध ढांचों को हटाया गया।
प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण के कारण मार्ग संकरा हो गया था, जिससे आम लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर और कस्बों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए अवैध अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई से जहां अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम लोगों ने सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की पहल का स्वागत किया है।






