– नेशनल पीजी कॉलेज के आसपास पुलिस की सक्रियता
– महिला सुरक्षा और सतर्कता को लेकर दी जानकारी
लखनऊ। हजरतगंज क्षेत्र में महिला सुरक्षा को लेकर एंटी रोमियो टीम ने अभियान चलाया। टीम ने नेशनल पीजी कॉलेज के आसपास पहुंचकर छात्राओं और युवतियों से संवाद किया तथा उन्हें सुरक्षा और सतर्कता से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं को सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह की असहज स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए जागरूक किया। छात्राओं से कहा गया कि किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि अथवा किसी प्रकार की परेशानी होने पर चुप न रहें और इसकी जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं।
एंटी रोमियो टीम ने महिलाओं और छात्राओं को उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा पुलिस सहायता के बारे में भी जानकारी दी। टीम ने छात्राओं से अपनी सुरक्षा को लेकर सजग रहने और अनजान लोगों से बातचीत अथवा किसी संदिग्ध गतिविधि के मामले में सावधानी बरतने की अपील की।
पुलिस की ओर से कॉलेज परिसर के आसपास तथा छात्राओं के आवागमन वाले स्थानों पर निगरानी और जागरूकता अभियान जारी रखने की बात कही गई। अभियान का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना है।


